पुलिस लाइन में शान से लहराया तिरंगा, एसएसपी अंकिता शर्मा ने वीरों और उत्कृष्ट पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित

Share on Social Plateforms

बदायूँ, 15 अगस्त 2026। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर बदायूँ पुलिस लाइन परिसर देशभक्ति, सम्मान और राष्ट्रप्रेम के रंग में सराबोर नजर आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस लाइन परिसर में विधिवत ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

ध्वजारोहण के बाद एसएसपी अंकिता शर्मा ने उपस्थित सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संविधान के मूल आदर्शों और राष्ट्र की एकता-अखंडता के प्रति संकल्प दिलाते हुए आपसी भाईचारा, बंधुता, दृढ़ संकल्प तथा मतभेदों को शांतिपूर्ण तरीके से दूर करने की शपथ दिलाई।

समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों, पुलिस पेंशनरों और शहीद सैनिकों के आश्रितों को विशेष सम्मान दिया गया। एसएसपी द्वारा उन्हें पुष्पहार एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। यह क्षण समारोह में मौजूद लोगों के लिए भावुक और गौरवपूर्ण रहा।

इसके साथ ही सराहनीय एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए चयनित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को विभिन्न पदकों और प्रशस्ति पत्रों से अलंकृत किया गया। सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक स0पु0 दयाराम को सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया।

निरीक्षक ना0पु0 सहंसरवीर सिंह, उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार और मुख्य आरक्षी चालक राजेश बाबू को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह प्रदान किया गया। वहीं उपनिरीक्षक कप्तान सिंह तथा मुख्य आरक्षी मिर्जा राहत जुबैर बेग को उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशंसा चिन्ह (रजत पदक) से अलंकृत किया गया। उपनिरीक्षक हरिभान सिंह को सराहनीय सेवाओं के लिए सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया गया।

समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हृदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी लाइन/नगर राहुल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद पुलिस मॉडर्न स्कूल बदायूँ में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेन्द्र बत्रा ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद विद्यालय के स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया।

कार्यक्रम में पहुंचीं एसएसपी अंकिता शर्मा ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने विद्यार्थियों को देशसेवा, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। एसएसपी ने विद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मुक्त कंठ से सराहना की।

समारोह के समापन पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस परिवार के प्रत्येक सदस्य, समस्त जनपदवासियों और देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों के बीच मिष्ठान वितरित कर खुशी साझा की। बदायूँ पुलिस लाइन में मनाया गया यह स्वतंत्रता दिवस समारोह सम्मान, शौर्य, सेवा और राष्ट्रभक्ति की यादगार तस्वीर पेश कर गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *