बदायूं में कांवड़ियों की बाइक को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, चार घायल; तीन की हालत गंभीर

Share on Social Plateforms

सहसवान, बदायूं। सहसवान-बिसौली रोड पर सोमवार को भूड़खितौरा गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार चार कांवड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चारों कांवड़िए घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।

घायलों की पहचान जाखूपुर गांव निवासी भोले (25), छत्रपाल, सरकी दम्मू (30) और आकाश (18) पुत्र दिवानी के रूप में हुई है। बताया गया कि सभी कांवड़िए पटना देवकली मंदिर में जलाभिषेक और मानोना धाम के दर्शन करने के बाद बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।

इसी दौरान सहसवान कोतवाली क्षेत्र में भूड़खितौरा गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों कांवड़िए उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों के अनुसार तीन कांवड़ियों की हालत गंभीर है और उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर किया जा सकता है।

वहीं पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद कांवड़ियों के परिजनों में चिंता का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे मामले में आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *