बदायूँ में बारिश का कहर: छत गिरने से 2 साल के मासूम की मौत, तीन घायल

Share on Social Plateforms

बंगत गांव में दर्दनाक हादसा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बदायूँ। कुंवरगांव थाना क्षेत्र के बंगत गांव में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बारिश के कारण एक मकान की छत अचानक गिर गई। हादसे में मलबे के नीचे दबकर 2 वर्षीय रोहन पुत्र जयकिशन की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए।

हादसे में 4 वर्षीय जानवी पुत्री जयकिशन, 70 वर्षीय कालीचरण पुत्र गंगाराम और प्रतिमा पत्नी जयकिशन घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए पहुंच गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

मासूम रोहन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। जिस घर में बारिश के बीच परिवार अपने बच्चों के साथ सुरक्षित रहने की उम्मीद कर रहा था, उसी छत के गिरने से एक मासूम की जिंदगी खत्म हो गई।

ग्रामीणों के बीच इस हादसे को लेकर चिंता भी है। लगातार बारिश के चलते कमजोर और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की स्थिति का जायजा लेने और घायलों के उपचार के साथ परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

एक मासूम की मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। अब निगाह प्रशासन की मदद और राहत कार्रवाई पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *