बिसौली में ऑल इंडिया मुशायरे का आयोजन, शायर अमीरुद्दीन ‘अमीर’ की किताब ‘सोने के पर’ का हुआ रस्म-ए-इजरा
बिसौली, बदायूँ। नगर स्थित जमाल मैरिज लॉन में बीती रात ऑल इंडिया मुशायरे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान नगर के मशहूर शायर अमीरुद्दीन ‘अमीर’ की किताब ‘सोने के पर’ का रस्म-ए-इजरा भी किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष अबरार अहमद द्वारा शमा रोशन कर किया गया। इसके बाद सूफी शरीफ अहमद ‘मयकश’ ने तिलावत-ए-कुरआन-ए-पाक से कार्यक्रम का आगाज किया, जबकि डॉक्टर अमीरुद्दीन ‘अमीर’ ने नात-ए-पाक पेश की।
इसके बाद शुरू हुआ शायरी और ग़ज़लों का सिलसिला, जो देर रात तक जारी रहा। मुशायरे में विभिन्न जिलों से पहुंचे शायरों ने अपने-अपने कलाम पेश कर महफिल में समां बांध दिया। कौसर संभली, सैयद फहीम ‘आतिश’ शाहाबादी, अंजुम लक्ष्मीपुरी और इमरान सैदपुरी सहित नगर के कई शायरों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं, जिन्हें श्रोताओं ने खूब सराहा।
मुशायरे की सदारत मशकूर अहमद नजमी ने की, जबकि निजामत श्रीदत्त शर्मा ‘मुज़्तर’ ने संभाली। खास बात यह रही कि भारी बारिश और मौसम के बिगड़े मिजाज के बावजूद शायरी की महफिल का सिलसिला थमा नहीं और कार्यक्रम रात करीब एक बजे तक चलता रहा।
इस दौरान बड़ी संख्या में अदब-नवाज़ और साहित्य प्रेमी मौजूद रहे। बारिश के बीच देर रात तक चली इस महफिल ने बिसौली की साहित्यिक और शायरी की परंपरा को एक बार फिर जीवंत कर दिया।

