बिल्सी में PDA एकता सम्मेलन: आदित्य यादव ने भाजपा को घेरा, 2027 की लड़ाई को बताया संविधान और सामाजिक न्याय की जंग

Share on Social Plateforms

बदायूँ। बिल्सी में सियासी माहौल उस वक्त गरमा गया, जब समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित PDA एकता सम्मेलन में सांसद आदित्य यादव ने भाजपा सरकार की नीतियों पर तीखे सवाल उठाए। पूर्व विधायक हाजी बिट्टन की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को केवल सत्ता की लड़ाई नहीं, बल्कि संविधान, सामाजिक न्याय, युवाओं के रोजगार और किसानों के अधिकारों से जुड़ा संघर्ष बताया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए आदित्य यादव ने वोट चोरी की आशंका, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और पात्र मतदाताओं के नाम कटने की चिंताओं को उठाया। उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की जरूरत पर भी सवाल किए। उनका कहना था कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज को आबादी के अनुपात में अधिकार और भागीदारी मिलनी चाहिए। इसके लिए जातिगत जनगणना, आरक्षण की रक्षा और सरकारी नौकरियों में समुचित प्रतिनिधित्व जरूरी है।

आदित्य यादव ने बेरोजगारी, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, पेपर लीक, महंगाई और किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने खाद-बीज की उपलब्धता, गन्ने का भुगतान, सिंचाई, बिजली और छुट्टा पशुओं से फसलों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा, पुरानी पेंशन योजना की बहाली और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने तथा मतदाता सूची में पात्र लोगों के नाम सुरक्षित रखने के लिए सक्रिय रहने की अपील की। आदित्य यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी PDA के सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक न्याय और सम्मान की लड़ाई लड़ रही है। वर्ष 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में समाजवादी सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर पार्टी आगे बढ़ रही है।

सम्मेलन में ये रहे मौजूद: पूर्व विधायक आर.के. शर्मा, सुनील यादव, हाजी अजमल खान, देवेंद्र गौतम, संतोष कुमारी, प्रदीप गुप्ता, दीपक शर्मा, अमित मथुरिया, राजू जाटव, प्रेमनाथ सागर, हरस्वरूप सागर, भूपेंद्र दिवाकर, डोरीलाल बघेल और मदन लाल आर्या, मुबीन फरीदी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *