बाल दिवस पर लगा भव्य बाल मेला, विद्यार्थियों ने लगाए फूड स्टॉल और गेम्स काउंटर; वन्य जीव संरक्षण पर आधारित कला प्रदर्शनी रही विशेष आकर्षण
बदायूँ। मदर एथीना स्कूल में बाल दिवस के अवसर पर भव्य बाल मेले ‘एथीना बिजमार्ट-2026’ का आयोजन किया गया। मेले में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मकता, प्रतिभा तथा व्यावहारिक कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ-साथ व्यापार, उद्यमशीलता, टीम वर्क और आर्थिक प्रबंधन की जानकारी देना था।
मेले में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के फूड स्टॉल और मनोरंजक गेम्स के काउंटर लगाए। बच्चों ने स्वयं इन स्टॉलों का संचालन करते हुए व्यापार की बारीकियों को समझा। इसके साथ ही उन्होंने संवाद कौशल, टीम भावना और वित्तीय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण गुणों का अनुभव प्राप्त किया। मेले में विद्यार्थियों और अभिभावकों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण लकी ड्रॉ प्रतियोगिता रही। इसमें कक्षा-8 की छात्रा राधिका सिंह ने प्रथम पुरस्कार के रूप में थ्री डोर रेफ्रिजरेटर जीतकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं कक्षा-5 के छात्र निश्चल सक्सेना ने द्वितीय पुरस्कार के रूप में माइक्रोवेव प्राप्त किया। कक्षा-7 की छात्रा आराध्या सारस्वत को तृतीय पुरस्कार के रूप में ट्रॉली बैग दिया गया। इसके अलावा कक्षा-8 की आराध्या वर्मा और कक्षा-1 की अविका शर्मा ने क्रमशः चतुर्थ और पंचम पुरस्कार के रूप में डिनर सेट जीते।
मेले में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने के लिए वन्य जीव संरक्षण पर आधारित विशेष कला प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें बाघ, शेर, हिरण, हाथी, भालू, मगरमच्छ सहित विभिन्न वन्य जीवों की आकर्षक कलाकृतियां प्रदर्शित की गईं। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों और अभिभावकों को जंगलों तथा वन्य जीवों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका चयनिका सारस्वत ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बाल दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं है, बल्कि बच्चों की क्षमताओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर देने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि ‘एथीना बिजमार्ट-2026’ जैसे आयोजन बच्चों में व्यावहारिक ज्ञान, उद्यमशीलता और आत्मविश्वास विकसित करते हैं। वहीं वन्य जीव संरक्षण पर आधारित प्रदर्शनी बच्चों में प्रकृति और समाज के प्रति संवेदनशीलता पैदा करने का संदेश देती है।
उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा और उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों ने कला, उद्यमिता और सामाजिक जिम्मेदारी का शानदार उदाहरण प्रस्तुत किया है।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ वास्तविक जीवन के अनुभव सीखने का अवसर दिया। मेले में विजेता विद्यार्थियों और उनके परिजनों में खुशी का माहौल रहा।

