बदायूँ। गांधी जयंती के अवसर पर ब्लूमिंगडेल स्कूल, बदायूँ में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से बाल सुरक्षा और कानूनी जागरूकता को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट 2012, बच्चों के अधिकार और असुरक्षित परिस्थितियों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम में ACJM अंकित रस्तोगी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अंकित रस्तोगी, विद्यालय अध्यक्षा पम्मी मेंहदीरत्ता एवं विद्यालय पदाधिकारियों ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारी और बाल सुरक्षा का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राइटिंग और नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों, सामाजिक जिम्मेदारी, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों से जुड़े संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
मुख्य अतिथि ACJM अंकित रस्तोगी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बाल संरक्षण, बच्चों के अधिकार और पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता बताई। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी असुरक्षित परिस्थिति में सजग रहें, अपने अधिकारों को समझें और जरूरत पड़ने पर उचित माध्यम से सहायता प्राप्त करें।
विद्यालय अध्यक्षा पम्मी मेंहदीरत्ता ने भी विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट 2012, बाल सुरक्षा और कानून के प्रति जागरूकता के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने अधिकारों की जानकारी होने के साथ-साथ सुरक्षित और जिम्मेदार व्यवहार के प्रति भी सजग रहना चाहिए।
विद्यालय प्रधानाचार्य संजीव सिंह राठौर ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों का उल्लेख करते हुए सत्य, अहिंसा, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों के साथ अपने अधिकारों और सामाजिक दायित्वों की समझ विकसित करना भी जरूरी है।
प्रभात फेरी से दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों और शिक्षकों ने प्रभात फेरी भी निकाली। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न जागरूकता नारों के माध्यम से बाल सुरक्षा, कानून के प्रति जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश लोगों तक पहुंचाया।
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी, नैतिक मूल्यों और कानून के प्रति समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर स्कूल निदेशक ज्योति मेहंदीरत्ता, मैनेजिंग हेड ईशान मेहंदीरत्ता, श्वेता मेंहदीरत्ता, उपप्रधानाचार्य परशुराम मिश्रा, कोऑर्डिनेटर सबा, अंजला सोनी, मृणाल सक्सेना, रश्मि रावत और सुषमा वर्मा सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

