आकाश और वीरेंद्र समेत कई किसानों को भारी नुकसान, बच्चों के खेलते समय आग लगने की आशंका
बदायूँ। जनपद के मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव माली नगला में किसानों की कवार की गरियों में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास रखी कई किसानों की गरियों को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में किसानों की मेहनत जलकर राख हो गई और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
ग्रामीणों के मुताबिक, घटना के समय गांव के पास कुछ बच्चे खेल रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि बच्चों के खेलते समय आग लगी होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस घटना में आकाश और वीरेंद्र समेत कई किसानों की कवार की गरियां जलकर पूरी तरह नष्ट हो गईं। अचानक लगी आग से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अग्निकांड से प्रभावित किसानों ने प्रशासन से घटना का संज्ञान लेकर नुकसान का आकलन कराने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।

