गांधी-शास्त्री जयंती पर महर्षि विद्या मंदिर में स्वच्छता का संदेश, विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली

Share on Social Plateforms

बदायूँ। गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर जिला गंगा समिति, बदायूँ के तत्वावधान तथा हॉपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन के सहयोग से महर्षि विद्या मंदिर में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम-2026 एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम जिला परियोजना अधिकारी, नमामि गंगे अनुज प्रताप सिंह के दिशा-निर्देशन में आयोजित हुआ। फाउंडेशन की निदेशक डॉ. कृष्णा सिंह ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण का निर्माण केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक सदस्य की सामूहिक जिम्मेदारी है।

शपथ के बाद विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता, स्वस्थ जीवन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया और उन्होंने लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व और महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में छोटी उम्र से ही स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम में सदाबती बोध, हिबा, सुमन पाल और कुमकुम सहित फाउंडेशन के स्वयंसेवकों तथा विद्यालय के शिक्षकगण का सहयोग रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ स्वच्छ, स्वस्थ और जिम्मेदार समाज के निर्माण में उनकी भूमिका को मजबूत करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *