बदायूँ। छात्राओं की सुरक्षा को लेकर मुजरिया पुलिस ने अब कॉलेज खुलने और छुट्टी के समय निगरानी बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। मुजरिया थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने पुलिस स्टाफ की समीक्षा बैठक करते हुए मिशन शक्ति टीम को छात्राओं की सुरक्षा के लिए विशेष प्लान तैयार कर प्रभावी ढंग से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल-कॉलेजों के खुलने और छुट्टी होने के समय प्रमुख चौराहों और रास्तों पर पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए, ताकि छात्राओं को आवागमन के दौरान किसी तरह की परेशानी या आपराधिक घटना का सामना न करना पड़े। थानाध्यक्ष ने मिशन शक्ति टीम को क्षेत्र में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करने के निर्देश भी दिए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बालिकाओं और महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की मदद लेने के तरीकों की जानकारी दी जाएगी। बैठक में मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक कमरुद्दीन, ऑपरेटर सचिन तेवतिया सहित महिला आरक्षी मौजूद रहीं। पुलिस का कहना है कि छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सतर्कता, जागरूकता और समय पर पुलिस की मौजूदगी को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राएं खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।
कॉलेज खुलने से छुट्टी तक छात्राओं की सुरक्षा पर खास नजर, मुजरिया थानाध्यक्ष ने मिशन शक्ति टीम को दिए सख्त निर्देश

