कादरचौक। ग्राम पंचायत भोजपुर नरायनपुर के मजरा राजीवनगर में सफाई व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में सफाई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं पहुंच रहे हैं, जिसके कारण गलियों और नालियों में गंदगी जमा हो रही है। कई स्थानों पर नालियां गंदगी से भरी होने के कारण जलनिकासी भी प्रभावित हो रही है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय से सफाई न होने के कारण गंदगी बढ़ती जा रही है और बारिश के दौरान स्थिति और खराब होने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मौके पर निरीक्षण कराकर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
राष्ट्रीय भ्रष्टाचार दमन परिषद भारत के ब्लॉक अध्यक्ष प्रशांत यादव ने भी गांव की सफाई व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेने और आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित सफाई व्यवस्था बेहद जरूरी है, ताकि गंदगी, जलभराव और उससे होने वाली परेशानियों से लोगों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों की मांग है कि जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें और सफाई कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि राजीवनगर की गलियों और नालियों की सफाई व्यवस्था पटरी पर आ सके।

