अस्पताल का सपना दिखाकर 39 लाख की ठगी, फरार डॉक्टर दंपति गिरफ्तार

Share on Social Plateforms

सहारनपुर। अस्पताल खोलने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में सहारनपुर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे डॉक्टर दंपति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, हरियाणा के यमुनानगर निवासी श्यामलाल ने 22 अगस्त 2025 को थाना मिर्जापुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि डॉ. नितिन, उनकी पत्नी अन्नू और उनके सहयोगी मागेराम ने उन्हें मिर्जापुर क्षेत्र में आधुनिक अस्पताल खोलने का सपना दिखाकर साझेदारी के लिए तैयार किया।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने अस्पताल परियोजना के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और विश्वास में लेकर उनसे करीब 39,15,829 रुपये की राशि ले ली। रकम मिलने के बाद न तो अस्पताल शुरू किया गया और न ही निवेश की गई धनराशि वापस की गई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने फरार चल रहे डॉक्टर दंपति की तलाश तेज की और आखिरकार दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने इसी तरह अन्य लोगों को भी ठगी का शिकार बनाया है या नहीं। यदि जांच में अन्य पीड़ितों या आरोपियों की भूमिका सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *