बदायूं। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत 13 अगस्त 2026 को राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं में छात्र अनुभाग की ओर से निबंध एवं स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन एसजी-1 में हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. पारुल सक्सेना, सहायक आचार्य, एनाटॉमी विभाग एवं छात्र अनुभाग नोडल अधिकारी ने किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देना रहा।
निबंध प्रतियोगिता में एमबीबीएस 2024 बैच के साद अली ने प्रथम, गुरु प्रकाश ने द्वितीय और सैफ अली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं स्लोगन प्रतियोगिता में रीता गंगवार प्रथम, आकांक्षा मिश्रा द्वितीय और इंशा खान तृतीय स्थान पर रहीं।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रप्रेम, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को देश के प्रति जिम्मेदारियों और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश दिया।
उप-प्रधानाचार्य डॉ. नेहा सिंह ने विद्यार्थियों की प्रतिभागिता की सराहना करते हुए उन्हें देशभक्ति की भावना को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से कार्यक्रम का माहौल देशभक्ति से ओत-प्रोत नजर आया।

