बदायूँ। बदायूँ क्लब में आयोजित सुर संगम संगीत कार्यक्रम में गायकों ने अपनी सुरीली आवाज से ऐसा समां बांधा कि पूरा माहौल संगीतमय हो गया। प्रसिद्ध गायक स्वर्गीय किशोर कुमार की याद में आयोजित इस कार्यक्रम में पुराने और नए गीतों की शानदार प्रस्तुतियों ने संगीत प्रेमियों का दिल जीत लिया।
बदायूँ क्लब की कार्यकारिणी की पहल पर चल रहे सुर संगम संगीत क्लब का उद्देश्य स्थानीय संगीत प्रतिभाओं को एक अच्छा मंच देना है। इस पहल से उन लोगों को अपनी गायकी दिखाने का अवसर मिल रहा है, जो संगीत के शौकीन हैं और अपनी प्रतिभा को लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत क्लब के महिला प्रकोष्ठ की संरक्षक सदस्य मंजुल शंखधार, अरुणा बिरला, करुणा रस्तोगी, शशि गुप्ता, कुसुम रस्तोगी, सरोज रस्तोगी, मीता रस्तोगी और रागिनी रस्तोगी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित करके की। इसके बाद संगीत प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ।
कार्यक्रम में बदायूँ क्लब के सचिव डॉ. अक्षत अशेष ने अपनी गायकी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने ‘नीले-नीले अंबर पर’ और ‘छूकर मेरे मन को’ जैसे लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुति को संगीत प्रेमियों ने खूब सराहा।
वहीं, सह सचिव अनूप रस्तोगी ने ‘ओ मेरे दिल के चैन’ गीत गाकर माहौल को खुशनुमा बना दिया। ब्लॉक प्रमुख धीरज सक्सेना ने ‘मेरे दिल में आज क्या है’ गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं की तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में नवोदित गायक शिव ओम शर्मा ने ‘मंजिलें अपनी जगह हैं’, प्रशांत दीक्षित ने ‘रूप तेरा मस्ताना’ और विशाल शर्मा ने ‘कोई हसीना जब रूठ जाती है तो’ गीत प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
इसके अलावा अजय कुमार ने ‘जिंदगी के सफर में’, पवन वर्मा ने ‘चेहरा है या चांद खिला’, अनुज सक्सेना ने ‘ये शाम मस्तानी’ और अश्वनी ने ‘तुम आ गए हो’ गीत सुनाया। प्रशांत सक्सेना और डी.एस. चौहान ने भी शानदार गीत प्रस्तुत करके श्रोताओं का मनोरंजन किया।
कार्यक्रम के दौरान किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की यादें ताजा हो गईं। संगीत प्रेमियों ने गायकों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी गायकों को सम्मानित किया गया और सचिव डॉ. अक्षत अशेष ने उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. अक्षत अशेष ने कहा कि जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के संरक्षण में ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों की श्रृंखला आगे भी जारी रखने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के मंच स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं।
कार्यक्रम में कवि माधव मिश्रा, नीरज शर्मा, दीपक सक्सेना, नरेश शंखधार, सपना रस्तोगी, मंजू शर्मा, रुपेन्दर सिंह लाम्बा, डॉ. संजीव कुमार गुप्ता, नितिन गुप्ता, राहुल चौबे, पंकज शर्मा, आलोक पाठक, प्रदीप शर्मा, सुमित मिश्रा, रितु शर्मा, सुशील शर्मा सहित बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी मौजूद रहे।

