बदायूँ। मीरा चौकी स्थित श्री राम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बदायूँ की ओर से बच्चों को POCSO अधिनियम 2012 के प्रावधानों के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह ध्वजारोहण के साथ हुई। अपर जिला जज विकास सिंह ने ध्वजारोहण किया, जिसके बाद विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री और देश के अमर शहीदों के जयकारे लगाकर देशभक्ति का संदेश दिया।
इस दौरान विद्यार्थियों को बाल संरक्षण, बच्चों के अधिकार और POCSO अधिनियम 2012 से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि किसी भी असुरक्षित परिस्थिति में सजग रहना, अपनी बात विश्वसनीय व्यक्ति तक पहुंचाना और आवश्यकता पड़ने पर उचित कानूनी सहायता लेना बेहद महत्वपूर्ण है।
जागरूकता अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर से प्रभात फेरी भी निकाली गई। विद्यार्थियों ने विभिन्न नारों के माध्यम से बाल सुरक्षा, कानून के प्रति जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। प्रभात फेरी ने लोगों को बच्चों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन ललित मौर्य ने किया, जबकि प्रभात फेरी का संचालन अशोक मौर्य ने किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक ओमप्रकाश वैश्य, अध्यक्ष सुभाष गुप्ता, प्रधानाचार्य कालिका प्रसाद गंगवार, मुनेन्द्र सिंह, ADGC, प्रीति सिंह, राजकुमार सिंह सेंगर, अशोक कुमार, आचार्य परिवार एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम की जानकारी प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अंकित रस्तोगी ने दी।
गांधी और शास्त्री जयंती के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए केवल महापुरुषों को याद करने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बाल सुरक्षा, कानून की समझ और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी लेकर सामने आया।

