बदायूँ। जिले में सड़कों की सुविधा बेहतर बनाने के लिए 14 करोड़ 55 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। एमएलसी वागीश पाठक के प्रयासों से मंडी समिति के अंतर्गत विभिन्न मार्गों के निर्माण को मंजूरी दी गई है।
एमएलसी वागीश पाठक ने बताया कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के उद्यान एवं कृषि विपणन मंत्री दिनेश प्रताप सिंह से मुलाकात कर खराब और जरूरी संपर्क मार्गों के निर्माण की मांग उठाई थी। इसके बाद सरकार ने इन मार्गों के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत की।
इन सड़कों के बनने से किसानों को अपनी फसल मंडी तक पहुंचाने में आसानी होगी। साथ ही ग्रामीणों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम लोगों को भी आने-जाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
स्वीकृति मिलने पर वागीश पाठक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मंत्री दिनेश प्रताप सिंह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बदायूँ के विकास और जनता की समस्याओं को दूर करने के लिए उनके प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
अब लोगों को इन मार्गों का निर्माण शुरू होने का इंतजार है।

