बिल्सी में छत के रास्ते घर में घुसे चोर, 1 लाख की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात ले उड़े

Share on Social Plateforms

बिल्सी (बदायूं)। बिल्सी थाना क्षेत्र के दीननगर शेखपुर गांव में शनिवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और करीब 1 लाख रुपये की नकदी के साथ सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। घटना से गांव में दहशत का माहौल है।

पीड़ित जयपाल सिंह ने बताया कि शनिवार रात पूरा परिवार घर की छत पर सो रहा था। जीने के दरवाजे पर ताला लगा हुआ था, लेकिन चोर किसी तरह ताला खोलकर घर में घुस गए। इसके बाद उन्होंने छोटे बेटे के कमरे को निशाना बनाया और वहां रखी नकदी व कीमती जेवरात समेटकर फरार हो गए।

रविवार सुबह जब परिवार नींद से जागा तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला और जीने का दरवाजा खुला देखकर चोरी की जानकारी हुई। परिवार के होश उड़ गए और तुरंत पूरे घर की तलाशी ली गई, जिसमें नकदी और आभूषण गायब मिले।

घटना की सूचना मिलते ही जयपाल सिंह ने बिल्सी थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और अज्ञात चोरों की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *