दिल्ली में छात्रों के विरोध प्रदर्शन और किसानों के प्रस्तावित दिल्ली कूच को देखते हुए एनसीआर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उत्तर प्रदेश प्रशासन ने नोएडा-दिल्ली सीमा, विशेष रूप से चिल्ला बॉर्डर, पर हाई अलर्ट घोषित करते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की है। पुलिस किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और सीमा पर आने-जाने वाले लोगों व वाहनों की लगातार निगरानी की जा रही है।
सोमवार को दिल्ली में छात्रों के उग्र प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। चिल्ला बॉर्डर पर कई स्तरों की बैरिकेडिंग की गई है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर यातायात को नियंत्रित किया जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को तुरंत रोका जा सके। मौके पर एसीपी, संबंधित थाना प्रभारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी लगातार सुरक्षा इंतजामों का जायजा ले रहे हैं। वहीं, दिल्ली की ओर पैरामिलिट्री फोर्स को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
बॉर्डर से गुजरने वाले संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है। पुलिस वाहन चालकों से पूछताछ कर आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे बढ़ने की अनुमति दे रही है। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी असामाजिक तत्व की कोशिशों को समय रहते विफल किया जा सके।
अधिकारियों का कहना है कि किसानों के प्रस्तावित आंदोलन और दिल्ली में जारी प्रदर्शनों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है। प्रशासन का प्रयास है कि दिल्ली और नोएडा के बीच यातायात सामान्य बना रहे तथा आम लोगों को कम से कम असुविधा हो। हालांकि, सुरक्षा जांच के चलते कुछ स्थानों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रहने और हल्के ट्रैफिक जाम की स्थिति बनने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
चिल्ला बॉर्डर पर लगातार पुलिस गश्त के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों को पल-पल की जानकारी दी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को भी तैयार रखा गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सुरक्षा जांच में सहयोग करें और यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

