कांवड़ यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से मेरठ रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) कलानिधि नैथानी ने सभी जिलों में व्यापक साइनेज प्लान लागू करने के निर्देश दिए हैं। इस योजना के तहत कांवड़ यात्रा मार्गों पर दिशा-निर्देशन, यातायात प्रबंधन और आवश्यक सुविधाओं की जानकारी देने वाले सैकड़ों साइनेज लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
डीआईजी के निर्देशानुसार मेरठ रेंज के चारों जिलों में कुल 1,242 साइनेज लगाए जाएंगे। इनमें मेरठ में 135 स्थानों पर 325, बुलंदशहर में 131 स्थानों पर 288, बागपत में 100 स्थानों पर 425 तथा हापुड़ में 110 स्थानों पर 204 साइनेज स्थापित किए जाएंगे। इन साइनेज के माध्यम से कांवड़ मार्ग, शिविर, चिकित्सा केंद्र, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, पार्किंग स्थल, पुलिस सहायता केंद्र, डायवर्जन मार्ग और अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
पुलिस प्रशासन का मानना है कि साइनेज व्यवस्था लागू होने से श्रद्धालुओं को मार्ग खोजने में आसानी होगी और वाहन चालकों को भी वैकल्पिक रास्तों की जानकारी समय रहते मिल सकेगी। इससे अनावश्यक जाम की स्थिति कम होगी और ट्रैफिक प्रबंधन अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। साथ ही आपातकालीन सेवाओं तक पहुंच भी पहले से अधिक सरल होगी।
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक जिले में स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप साइनेज प्लान तैयार किया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी साइनेज समय से स्थापित कर उनकी नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।
डीआईजी ने सभी कांवड़ियों और आम नागरिकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान साइनेज पर अंकित दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक एवं सुरक्षा संबंधी निर्देशों में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में निकटतम पुलिस सहायता केंद्र या हेल्पलाइन से तुरंत संपर्क करें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

