बदायूँ, 02 अगस्त 2026। राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूँ में ‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’ के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में डॉक्टर, मेडिकल एवं पैरामेडिकल, नर्सिंग छात्र-छात्राओं तथा कॉलेज स्टाफ ने भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज की उप प्रधानाचार्य डॉ. नेहा सिंह ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। नशे की लत से परिवार टूटते हैं, अपराध बढ़ता है और देश की युवा शक्ति कमजोर होती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
डॉ. नेहा सिंह ने कहा कि यदि समाज आज नशे के खिलाफ जागरूक नहीं हुआ तो आने वाली पीढ़ियों को इसका गंभीर खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि राजकीय मेडिकल कॉलेज द्वारा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ नशा छोड़ने में सहायता के लिए लगातार जागरूकता शिविर और काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के अंत में उप प्रधानाचार्य डॉ. नेहा सिंह ने उपस्थित डॉक्टरों, छात्रों और स्टाफ को नशा न करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रखने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी डॉ. लालेन्द्र यादव, फार्माकोलॉजी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अमित कुमार, कॉलेज ऑफ नर्सिंग के ट्यूटर श्री सुनील कुमार, श्री अजय परिक सहित छात्र-छात्राएं और स्टाफ मौजूद रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से मेडिकल कॉलेज ने युवाओं और आमजन को नशे के खिलाफ जागरूक करते हुए स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। अधिकारियों ने कहा कि नशामुक्ति के लिए जागरूकता और सामूहिक प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

