पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने किया उद्घाटन, नागरिकों की शिकायतें सुनकर समाधान के निर्देश
बदायूँ। नगर पालिका परिषद परिसर में नागरिकों को सरकारी योजनाओं और शहरी सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवा संकल्प कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का शुभारंभ पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने फीता काटकर किया। यह कैंप 4 अक्टूबर तक चलेगा, जहां आम लोगों को विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी जा रही है।
कैंप में नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को भी दर्ज किया गया। नगर पालिका से जुड़ी सफाई व्यवस्था, कूड़ा उठान, नालियों की सफाई, पेयजल आपूर्ति और अन्य शहरी सुविधाओं से संबंधित शिकायतों को संबंधित कर्मचारियों तक पहुंचाया गया। पालिकाध्यक्ष ने शिकायतों के जल्द समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कैंप में स्वास्थ्य विभाग, पीएम स्वनिधि, महिला कल्याण विभाग और नगर पालिका परिषद के अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया। नगर पालिका की ओर से लोगों को गृहकर, जलकर और अन्य करों से संबंधित जानकारी देने के साथ कर जमा करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
सेवा संकल्प कैंप के माध्यम से नागरिकों को अलग-अलग विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इससे लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझने और अपनी समस्याएं संबंधित विभाग तक पहुंचाने में सुविधा मिल रही है।
इस दौरान अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मणि त्रिपाठी, सभासद ग्रीश शुक्ला, किशोर कश्यप, नवैद, अबरार, कार्यालय अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक केशव गंगवार, निर्माण लिपिक सक्सेना, लिपिक नवैद, इकबाल गनी, मनोज सक्सेना, राकेश सोनकर, इमरान समेत नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

