भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का पहला मुकाबला गुरुवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। कागज़ों पर भारतीय टीम मजबूत मानी जा रही है, लेकिन जिम्बाब्वे को हल्के में लेना टीम इंडिया के लिए महंगा पड़ सकता है। हाल ही में टी20 विश्व कप 2026 में जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका जैसी मजबूत टीमों को हराकर सुपर-8 में जगह बनाई थी, जिससे उसका आत्मविश्वास काफी बढ़ा है।
भारत का जिम्बाब्वे में टी20 रिकॉर्ड भी पूरी तरह एकतरफा नहीं रहा है। भारतीय टीम ने अब तक जिम्बाब्वे की धरती पर 12 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं, जिनमें उसे तीन बार हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 2015 में 10 रन, 2016 में 2 रन और 2024 में 13 रन से मिली हार भारतीय टीम के लिए अब भी यादगार झटकों में शामिल है। खासकर 2024 में भारत 116 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा भी नहीं कर पाया था, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के खिलाफ सफलतापूर्वक बचाया गया सबसे छोटा लक्ष्य है।
हरारे स्पोर्ट्स क्लब की पिच बल्लेबाजों के लिए शुरुआत में आसान नहीं मानी जाती। नई गेंद से तेज गेंदबाजों को अच्छी स्विंग और उछाल मिलती है, जिससे शुरुआती ओवर काफी चुनौतीपूर्ण होते हैं। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, सूखी पिच धीमी पड़ने लगती है और स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलने लगती है। ऐसे में मजबूत साझेदारी और सेट बल्लेबाज का लंबी पारी खेलना किसी भी टीम की सफलता की कुंजी माना जाएगा।
इस मैदान पर अब तक 83 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 45 मैच जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को 36 मुकाबलों में सफलता मिली है। हरारे में पहली पारी का औसत स्कोर करीब 155 रन है, जो दर्शाता है कि यहां बड़े स्कोर कम ही देखने को मिलते हैं और गेंदबाज अक्सर मैच पर पकड़ बनाए रखते हैं।
जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज रिचर्ड गराबा और ब्लेसिंग मुजरबानी इस मैदान पर सबसे सफल गेंदबाजों में गिने जाते हैं। गराबा ने यहां 40 और मुजरबानी ने 38 विकेट हासिल किए हैं। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों को इन दोनों गेंदबाजों से सावधान रहना होगा। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब इस बात पर होंगी कि टीम इंडिया जीत के साथ सीरीज की शुरुआत करती है या जिम्बाब्वे एक बार फिर अपने घरेलू मैदान पर बड़ा उलटफेर करने में सफल रहता है।

