नई दिल्ली। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार थलपति विजय की बहुप्रतीक्षित और बतौर अभिनेता आखिरी फिल्म ‘जना नायकन’ की रिलीज डेट का ऐलान हो गया है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता विजय ने सोशल मीडिया पर फिल्म का नया पोस्टर साझा करते हुए पुष्टि की कि यह फिल्म 23 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस घोषणा के साथ ही फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
फिल्म की रिलीज को लेकर पिछले कई महीनों से असमंजस बना हुआ था। पहले इसे जनवरी 2026 में रिलीज किया जाना था, लेकिन CBFC (सेंसर बोर्ड) से प्रमाणपत्र न मिलने के कारण इसकी रिलीज टालनी पड़ी। बाद में मेकर्स ने आवश्यक बदलाव और कट्स करने के बाद फिल्म को दोबारा पेश किया, जिसके बाद इसे ‘A’ सर्टिफिकेट जारी किया गया और रिलीज का रास्ता साफ हो गया।
निर्देशक एच. विनोथ के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस ने किया है। फिल्म में विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल और ममिता बैजू अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म को एक दमदार एक्शन-ड्रामा बताया जा रहा है, जिसे लेकर दक्षिण भारतीय सिनेमा के दर्शकों में खासा उत्साह है।
‘जना नायकन’ विजय के प्रशंसकों के लिए इसलिए भी बेहद खास मानी जा रही है क्योंकि यह उनकी बतौर अभिनेता अंतिम फिल्म होगी। राजनीति में सक्रिय होने के बाद विजय ने अभिनय से दूरी बनाने का फैसला किया है। ऐसे में फैंस इस फिल्म को उनके फिल्मी करियर की यादगार विदाई के रूप में देख रहे हैं।
रिलीज डेट सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने खुशी जाहिर करनी शुरू कर दी। कई प्रशंसकों ने इसे साल की सबसे बड़ी रिलीज बताते हुए दावा किया कि 23 जुलाई को बॉक्स ऑफिस पर थलपति विजय का जलवा देखने को मिलेगा। अब सभी की निगाहें फिल्म की रिलीज और उसके बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर टिकी हैं।

