बदायूं में दीवार तोड़कर लाखों की चोरी, नकदी और जेवर समेट ले गए बेखौफ चोर

Share on Social Plateforms

बदायूं। जिले के थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के सुरैनी पापड़ी गांव में बुधवार देर रात बेखौफ चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए दीवार तोड़कर घर में प्रवेश किया और लाखों रुपये की नकदी तथा सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

पीड़ित श्रीपाल पुत्र स्वर्गीय उरमान सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बुधवार रात परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान की दीवार तोड़कर भीतर घुस आए। चोरों ने बक्सों और तिजोरी के ताले तोड़ दिए और उसमें रखी नकदी व कीमती आभूषण समेटकर फरार हो गए। रातभर किसी भी सदस्य को वारदात की भनक तक नहीं लगी।

गुरुवार सुबह जब परिवार के लोग जागे तो कमरे का सामान बिखरा हुआ मिला। दीवार टूटी देखकर उनके होश उड़ गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। चोरी की वारदात से पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर थाना फैजगंज बेहटा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आसपास के संदिग्ध लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी की घटना के खुलासे के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। वहीं, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है और उन्होंने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने तथा जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *