जिला अस्पताल में मोबाइल चोरी की कोशिश नाकाम, तीमारदार ने युवक को रंगे हाथ पकड़ा

Share on Social Plateforms

बदायूं। जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। बुधवार दोपहर करीब 1:45 बजे पेडिंग वार्ड में मोबाइल चोरी करने पहुंचे युवकों की कोशिश उस समय नाकाम हो गई, जब टीबी मरीज की पत्नी ने एक युवक को कथित तौर पर मोबाइल चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। शोर मचने पर उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे सुरक्षा गार्डों ने पकड़े गए युवक को पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार, बिल्सी थाना क्षेत्र के हरनाथ नगला निवासी अवनीश पिछले करीब आठ दिनों से जिला अस्पताल के पेडिंग वार्ड में भर्ती हैं और उनका टीबी का इलाज चल रहा है। उनकी पत्नी हेमलता मरीज की देखभाल के लिए वार्ड में मौजूद थीं। इसी दौरान कुछ युवक कथित रूप से चोरी की नीयत से वार्ड में दाखिल हुए। हेमलता की नजर एक युवक पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने सतर्कता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।

हेमलता के शोर मचाने पर अस्पताल में मौजूद लोगों और मरीजों के तीमारदारों का ध्यान घटना की ओर गया। इसी बीच आरोपी के साथ आए अन्य युवक मौके से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में तैनात पूर्व सैनिक सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे और पकड़े गए युवक को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए युवक की पहचान शहर के मोहल्ला जालंधरी सराय निवासी युवक के रूप में हुई है। पूछताछ के आधार पर उसके फरार साथियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

पहले भी सामने आ चुकी हैं चोरी की घटनाएं

जिला अस्पताल में मोबाइल और अन्य सामान चोरी होने की घटनाएं पहले भी सामने आने की बात कही जा रही है। ताजा घटना के बाद मरीजों और उनके तीमारदारों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी है। लोगों ने अस्पताल प्रशासन से वार्डों में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ाने, पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती करने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *