रिझौला गौशाला का कथित दर्दनाक वीडियो सामने आने से हड़कंप, पशु प्रेमी ने उठाए गंभीर सवाल

Share on Social Plateforms

बदायूं। जनपद बदायूं के विकासखंड म्याऊं की ग्राम पंचायत रिझौला स्थित गौशाला का एक कथित दर्दनाक वीडियो सामने आने के बाद गौशाला व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने यह वीडियो पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा को भेजा, जिसके बाद उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं और गोवंश की स्थिति पर चिंता जताई है।

पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा के अनुसार, रिझौला गौशाला का संचालन दानवीर जनकल्याण सेवा समिति द्वारा किया जा रहा है।

विकेंद्र शर्मा ने दावा किया कि उक्त संस्था पूर्व में भी सलारपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत बादल स्थित गौशाला में गोवंश की मौतों को लेकर विवादों में रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद संस्था के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है और संबंधित विभागीय अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

पशु प्रेमी का आरोप है कि संस्था को पशुपालन विभाग का संरक्षण प्राप्त होने के कारण कथित लापरवाही के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है।

उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों पर भी गौशालाओं की व्यवस्थाओं को लेकर पर्याप्त कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।

विकेंद्र शर्मा ने आशंका जताई कि जिले की गौशालाओं की वास्तविक स्थिति और शासन को भेजी जाने वाली रिपोर्ट में अंतर हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में उनके आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

मामला सामने आने के बाद अब लोगों की नजर प्रशासन और पशुपालन विभाग की कार्रवाई पर है। स्थानीय लोगों और पशु प्रेमियों की मांग है कि रिझौला गौशाला की निष्पक्ष जांच कराकर गोवंश की स्थिति और व्यवस्थाओं की वास्तविकता सामने लाई जाए।

अब सवाल यह है कि कथित वीडियो और लगाए गए आरोपों पर प्रशासन कब संज्ञान लेता है और जांच के बाद क्या कार्रवाई की जाती है। प्रशासनिक जांच और संबंधित अधिकारियों के बयान के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *