बदायूं। नगर पालिका कार्यालय में सेवानिवृत्त सफाई कर्मचारी कुसुम पत्नी राम चन्द्र के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।
समारोह में पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने कुसुम को शॉल, माला और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें सेवानिवृत्ति लाभ के रूप में 7 लाख 83 हजार 995 रुपये का चेक भी प्रदान किया गया।
पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने कहा कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सफाई कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मेहनत के कारण ही बदायूं नगर पालिका स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रही है। कर्मचारियों के मान-सम्मान की रक्षा के लिए उनके दरवाजे हमेशा खुले हैं।
फात्मा रज़ा ने सेवानिवृत्त कर्मचारी कुसुम के कार्यों की सराहना करते हुए उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा किए गए कार्य हमेशा याद रखे जाएंगे।
उन्होंने कुसुम के सुखमय एवं स्वस्थ भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर नगर पालिका परिवार उनके सहयोग के लिए हमेशा तैयार रहेगा।
विदाई समारोह के दौरान सम्मान मिलने पर सेवानिवृत्त कर्मचारी कुसुम के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। कार्यक्रम में मौजूद कर्मचारियों ने भी उनके साथ बिताए कार्यकाल को याद करते हुए शुभकामनाएं दीं।
समारोह में सभासद रवि, अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, मुख्य खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तयव्व, खाद्य निरीक्षक केशव गंगवार और नवैद इकबाल गनी मौजूद रहे।
इसके अलावा रजनेश चन्द्र, शरीफ अहमद, लवी, राजेन्द्र सिंह, विनोद सोनकर, महेश बाबू, गजेन्द्र और सफाई कर्मचारी नेता रमेश डी लाल सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में संदीप, अरुण, मुनीष, नवीन, सुभरतन, सुभाष, रोहित, अवनीश और राम सरन सहित अनेक पालिका कर्मचारियों ने सहभागिता की। समारोह के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारी के प्रति सम्मान और शुभकामनाओं का भाव देखने को मिला।

