बदायूँ। ‘निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल’ के संदेश के साथ मदर एथीना स्कूल में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में हिंदी सप्ताह का भव्य शुभारंभ किया गया। पहले दिन विद्यालय में काव्य-पाठ प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में प्लेग्रुप से कक्षा-6 तक के विद्यार्थियों ने हिंदी साहित्य के महान कवियों की वेशभूषा धारण कर उनकी रचनाओं का प्रभावशाली काव्य-पाठ किया।
छात्रों ने सूरदास, कबीर, रहीम, मीरा, रैदास और रसखान जैसे महान कवियों की रचनाओं को अपनी प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत कर दिया।
वहीं कक्षा 7 एवं 8 के विद्यार्थियों ने बदायूँ के प्रसिद्ध राष्ट्रीय गीतकार उर्मिलेश शंखधार की रचनाओं का काव्य-पाठ कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर में साहित्यिक और देशभक्ति का वातावरण देखने को मिला। बच्चों की रचनात्मकता और आत्मविश्वास ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका चयनिका सारस्वत ने कहा कि हिंदी केवल हमारी मातृभाषा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान, संवेदना और राष्ट्रीय स्वाभिमान की आत्मा है।
उन्होंने कहा कि काव्य भावनाओं को प्रभावी ढंग से व्यक्त करने का सशक्त माध्यम है और तकनीकी युग में विद्यार्थियों का हिंदी साहित्य से जुड़ाव बेहद उत्साहजनक है।
निदेशिका ने कहा कि हिंदी सप्ताह जैसे आयोजन विद्यार्थियों में अपनी भाषा के प्रति सम्मान, गर्व और मौलिक सोच को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से हिंदी साहित्य के प्रति अपनी रुचि और प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता ने बच्चों को मंच पर अपनी अभिव्यक्ति का अवसर भी प्रदान किया।
मदर एथीना स्कूल में हिंदी सप्ताह का यह आगाज भाषा, साहित्य और संस्कृति के प्रति नई पीढ़ी को जोड़ने वाला नजर आया। आने वाले दिनों में भी हिंदी सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

