दुःख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े हुए विधायक महेश चंद्र गुप्ता, ₹2 लाख की सहायता का चेक सौंपा

Share on Social Plateforms

बदायूँ। बागपत के पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में बदायूँ के 13 लोगों की असमय मौत से पूरे जिले में शोक की लहर है। हादसे में बदायूँ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रसलपुर पुठी निवासी मुनीम की भी दर्दनाक मौत हुई।

मुनीम के निधन की खबर मिलने पर सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता उनके आवास पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।

परिजनों को सांत्वना देते हुए विधायक ने कहा कि किसी अपने को अचानक खो देने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। मुनीम का निधन परिवार के लिए कभी न भरने वाली क्षति है।

परिजनों का दुख देखकर विधायक भी भावुक नजर आए और उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस दौरान विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹2 लाख की आर्थिक सहायता का चेक मृतक के परिवार को सौंपा।

विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे के बाद मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख तथा गंभीर रूप से घायलों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी।

उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और दुःख की इस घड़ी में परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। सरकार की प्राथमिकता पीड़ितों को तत्काल राहत और हरसंभव सहायता पहुंचाना है।

विधायक ने कहा कि मुनीम का असमय निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर अनेकपाल पटेल, रामचरन पाल, धीरेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान सुनील यादव, हेमंत मिश्रा, आदेश शर्मा, रामसेवक यादव, कृष्ण पाल यादव, विशाल यादव और सतीश यादव सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हादसे का दर्द गहरा है, लेकिन संकट की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े होकर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने संवेदना के साथ सहायता का भरोसा भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *