बिल्सी (बदायूं), 15 जुलाई। जिला प्रशासन की सख्ती और स्पष्ट निर्देशों के बावजूद उझानी-बिल्सी मार्ग पर किसानों द्वारा सड़क किनारे और कई स्थानों पर सड़क के हिस्से तक मक्का सुखाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नतीजतन व्यस्त मार्ग पर यातायात प्रभावित हो रहा है और दोपहिया वाहनों के फिसलने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।
उझानी से बिल्सी के बीच पड़ने वाले कई गांवों के आसपास सड़क किनारे मक्का की मोटी परतें बिछी हुई दिखाई दे रही हैं। किसान फसल को धूप में सुखाने के लिए मुख्य सड़क का उपयोग कर रहे हैं, जबकि इसी मार्ग से दिनभर स्कूल वाहन, एंबुलेंस, बसें और भारी वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क पर फैली मक्का के दानों के कारण वाहन असंतुलित होने का खतरा बना रहता है। राहगीरों का कहना है कि यह स्थिति न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि आम लोगों की जान को भी जोखिम में डाल रही है।
गौरतलब है कि जिला अधिकारी अवनीश राय पहले ही निर्देश जारी कर चुके हैं कि मुख्य सड़कों, राजमार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की फसल सुखाना प्रतिबंधित है। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कई स्थानों पर निर्देशों की अनदेखी साफ दिखाई दे रही है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़कों पर फसल सुखाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि यातायात सुरक्षित रहे और किसी संभावित दुर्घटना से पहले इस समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके
लव कुमार

