गाजीपुर में सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- माफिया को मिट्टी में मिला दिया, अब यूपी में उपद्रव नहीं उत्सव है

Share on Social Plateforms

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजीपुर में 692 करोड़ रुपये की 268 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद आयोजित जनसभा में समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में माफिया और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है और अब उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज को बांटने वाली राजनीति करने वाले लोग विदेशी आक्रांता सालार मसूद गाजी का महिमामंडन करते हैं और पहले माफियाओं के सामने नतमस्तक रहते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों ने अपराधियों को संरक्षण दिया, जबकि वर्तमान सरकार ने अपराध और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें कानून के दायरे में लाया है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज प्रदेश में गरीब का बेटा भी रामलीला का आयोजन कर सकता है और कोई असलहा लहराकर माहौल बिगाड़ने की हिम्मत नहीं करता। उन्होंने कहा कि कानून तोड़ने वालों को यह पता है कि सरकार उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगी।

मुख्यमंत्री ने गाजीपुर के लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे ऐसे जनप्रतिनिधियों का चुनाव करें जो क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश को ऐसे प्रतिनिधियों की आवश्यकता नहीं है जो अवैध हथियारों के लाइसेंस या गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त रहें।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने गाजीपुर की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पौहारी बाबा का आश्रम, भगवान परशुराम और महर्षि जमदग्नि की तपोभूमि होने के कारण गाजीपुर का विशेष महत्व है और ऐसे क्षेत्र में माफिया संस्कृति का कोई स्थान नहीं होना चाहिए।

योगी आदित्यनाथ ने पूर्व विधायक कृष्णानंद राय का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने माफिया के खिलाफ संघर्ष किया था, लेकिन उस समय सत्ता के संरक्षण में अपराधियों ने उनकी और सात अन्य लोगों की हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में अपराधियों को किसी प्रकार का राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर महापुरुषों के सम्मान की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि राष्ट्रनिर्माताओं और समाज सुधारकों का सम्मान करने वाला समाज ही आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि सरकार महापुरुषों की विरासत को सम्मान देने और उनके नाम पर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजीपुर में मेडिकल कॉलेज, बेहतर सड़क नेटवर्क और फोरलेन कनेक्टिविटी जैसी परियोजनाओं से लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि गाजीपुर से लखनऊ, वाराणसी और गोरखपुर की यात्रा पहले की तुलना में काफी आसान और तेज हो गई है।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को आगे चंदौली, वाराणसी होते हुए शक्तिनगर तक विस्तारित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पूर्वांचल के औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

अपने भाषण के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले प्रदेश में त्योहारों के दौरान दंगे और कर्फ्यू जैसी स्थिति बनती थी, जबकि आज उत्तर प्रदेश में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार, निवेश और बेहतर कानून व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *