जंगल में पेड़ से लटका मिला पंचायत मित्र का शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

Share on Social Plateforms

बदायूं। जरीफनगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर मौसमपुर गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर जंगल में एक पंचायत मित्र का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान 32 वर्षीय राहुल पुत्र किशनलाल के रूप में हुई है, जो पंचायत मित्र के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार राहुल दिन में घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद परिवार पूरी रात उनकी खोज में जुटा रहा।

शुक्रवार सुबह गांव से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में राहुल का शव एक पेड़ से फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के बड़े भाई रायसिंह ने आरोप लगाया कि राहुल की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया गया है। उन्होंने बताया कि राहुल तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे, उनका परिवार है और उनके चार छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिजनों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है और जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *