48 घंटे से कुएं में फंसी गाय, रेस्क्यू का इंतजार—प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल

Share on Social Plateforms

बदायूं। थाना बिल्सी क्षेत्र के ग्राम सिरासौल के पास अकौली गांव में एक गाय के खेत के कुएं में गिरने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार गाय पिछले करीब 48 घंटे से कुएं में फंसी हुई है, लेकिन अभी तक उसे सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जा सका है। घटना के बाद से ग्रामीणों में चिंता का माहौल बना हुआ है।

बताया जा रहा है कि गाय को कुएं में फंसा देखकर ग्रामीणों ने मदद के लिए डायल 112 पर सूचना दी और पुलिस टीम को मौके पर बुलाया। ग्रामीणों का कहना है कि रेस्क्यू का प्रयास किया गया, लेकिन गाय को बाहर निकालने में सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद से ग्रामीण लगातार गाय के सुरक्षित रेस्क्यू का इंतजार कर रहे हैं।

वहीं, पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा के ट्विटर हैंडल पर भी इस मामले को लेकर डायल 112 की ओर से जवाब दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, ग्रामीणों के मुताबिक करीब दो दिन बीतने के बावजूद गाय अभी भी कुएं में फंसी हुई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर रेस्क्यू में देरी क्यों हो रही है।

मामले ने प्रशासनिक व्यवस्था और पशु सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब एक बेजुबान पशु करीब 48 घंटे से जिंदगी और मौत के बीच फंसा हुआ है, तो संबंधित विभागों और स्थानीय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के साथ तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया जाना चाहिए।

प्रदेश में गौ संरक्षण को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं के बीच ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों की अपील है कि विशेषज्ञों और रेस्क्यू टीम की मदद से गाय को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाला जाए, ताकि किसी अनहोनी से पहले उसकी जान बचाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *