उझानी में छात्राओं को मिला तीरंदाजी का मंच, भदवार इंटर कॉलेज में खेल का हुआ शुभारंभ

Share on Social Plateforms

बदायूँ के उझानी स्थित भदवार इंटर कॉलेज में छात्राओं के लिए तीरंदाजी खेल को बढ़ावा देने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की गई। छात्राओं को तीरंदाजी के प्रशिक्षण के लिए आवश्यक उपकरण समर्पित किए गए। यह उपकरण आचार्य राजन मेहंदीरत्ता की ओर से उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ ई-गुरुकुल कॉलेज के चेयरमैन विकास माहेश्वरी ने किया। इससे पहले विकास माहेश्वरी और आचार्य राजन मेहंदीरत्ता ने ओंकार के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की।

इस अवसर पर विकास माहेश्वरी ने कहा कि “खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उझानी की छात्राओं को तीरंदाजी जैसे खेल में आगे बढ़ने का अवसर मिलना गर्व की बात है। हमारी कोशिश होनी चाहिए कि प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर संसाधन और उचित मार्गदर्शन मिले, ताकि वे जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।” उन्होंने कहा कि छात्राओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराने की है।

आचार्य राजन मेहंदीरत्ता ने कहा कि “मेरा उद्देश्य उझानी की छात्राओं को तीरंदाजी जैसे खेल से जोड़कर उनकी प्रतिभा को निखारना है। यदि किसी एक छात्रा की प्रतिभा भी आगे बढ़कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करती है तो यह प्रयास सफल माना जाएगा।” कार्यक्रम में फुटबॉल कोच इकबाल अहमद, ताइक्वांडो एवं तीरंदाजी कोच नेहा तथा डांस कोच कुनाल आर्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे। तीरंदाजी उपकरण उपलब्ध होने से छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला और इसे क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *