नाले का गंदा पानी सड़क पर बहने से बढ़ी परेशानी, अंधेरे में हादसों का खतरा; विद्यार्थियों ने प्रशासन से की स्थायी समाधान की मांग
बदायूँ। शहर की मंडी समिति से ककराला होते हुए उसहैत जाने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। बताया जा रहा है कि पिछले 4–5 वर्षों से इस सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं। वहीं, नाले का गंदा पानी सड़क पर बहने के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से यह मार्ग और भी जोखिमभरा हो जाता है।
यह मार्ग बदायूँ की प्रमुख मंडियों में से एक मंडी को जोड़ता है। इसके अलावा आसपास स्थित मदर एथीना स्कूल और BIMT कॉलेज जैसे शिक्षण संस्थानों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी, किसान, व्यापारी और आम नागरिक आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय स्तर पर इस समस्या को लेकर चिंता जताते हुए एक विद्यार्थी ने सत्यमेव भारत न्यूज से इस जनसमस्या को प्रमुखता से उठाने की अपील की है। विद्यार्थी का कहना है कि कई वर्षों से सड़क की स्थिति खराब बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। गड्ढों और सड़क पर बहते गंदे पानी के कारण दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को विशेष रूप से परेशानी होती है।
विद्यार्थी ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराकर गड्ढों की मरम्मत, नाले के पानी की निकासी तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
अब देखना यह है कि वर्षों से चली आ रही इस समस्या पर संबंधित विभाग और प्रशासन कब संज्ञान लेते हैं और मंडी समिति–ककराला रोड की स्थिति सुधारने के लिए क्या कदम उठाते हैं।

