क्या अरिजीत सिंह ने तोड़ दिया संन्यास का वादा? ‘आवारापन 2’ के नए गाने से प्लेबैक सिंगिंग में धमाकेदार वापसी की चर्चा

Share on Social Plateforms

मशहूर गायक अरिजीत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। कुछ महीने पहले प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने का ऐलान कर अपने करोड़ों प्रशंसकों को मायूस करने वाले अरिजीत अब कथित तौर पर फिल्म ‘आवारापन 2’ के जरिए वापसी करते नजर आ रहे हैं। फिल्म का नया गीत ‘ये आवारापन’ 21 जुलाई को रिलीज हो चुका है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके रिटायरमेंट को लेकर नई बहस छिड़ गई है।

गौरतलब है कि 27 जनवरी 2026 को अरिजीत सिंह ने घोषणा की थी कि वह अब कोई नया प्लेबैक प्रोजेक्ट स्वीकार नहीं करेंगे। इस फैसले से संगीत प्रेमियों को बड़ा झटका लगा था। लेकिन अब सामने आई रिपोर्टों के अनुसार, उन्होंने ‘आवारापन 2’ के लिए अपनी आवाज दी है। इस गीत को संगीतकार अमाल मलिक ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल रश्मि विराग ने लिखे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म निर्माता विशेष फिल्म्स के आग्रह पर अरिजीत सिंह ने अपना फैसला बदला। बताया जा रहा है कि विशेष फिल्म्स और अरिजीत के बीच वर्षों पुराना पेशेवर रिश्ता है। इसी रिश्ते और भावनात्मक जुड़ाव के चलते उन्होंने इस खास प्रोजेक्ट के लिए दोबारा प्लेबैक सिंगिंग करने की सहमति दी।

अरिजीत सिंह और विशेष फिल्म्स की जोड़ी ने हिंदी सिनेमा को कई यादगार गीत दिए हैं। ‘फिर मोहब्बत’, ‘तुम ही हो’, ‘मुस्कुराने’, ‘खामोशियां’, ‘हमारी अधूरी कहानी’ और ‘पल’ जैसे सुपरहिट गानों ने अरिजीत को देश के सबसे लोकप्रिय गायकों में शामिल कर दिया। ऐसे में उनकी कथित वापसी को फैंस एक भावनात्मक पल के रूप में देख रहे हैं।

हालांकि, अरिजीत सिंह की ओर से अब तक इस कथित वापसी या अपने रिटायरमेंट के फैसले में बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने स्थायी रूप से प्लेबैक सिंगिंग में वापसी की है या फिर यह सिर्फ एक विशेष प्रोजेक्ट के लिए किया गया अपवाद है। फिलहाल, ‘आवारापन 2’ के नए गीत ने उनके प्रशंसकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *