नई दिल्ली। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: प्रथम संकल्प’ का ट्रेलर शनिवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान लॉन्च किया गया। इस मौके पर फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी, निर्माता नमित मल्होत्रा और पूरी स्टार कास्ट ने मंच साझा किया। कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों और फिल्म प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
फिल्म के निर्माताओं ने घोषणा की कि 24 जुलाई को ट्रेलर दुनियाभर के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आधिकारिक रूप से रिलीज किया जाएगा। इस घोषणा के साथ ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चाओं का दौर और तेज हो गया है।
कार्यक्रम में भगवान राम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर, माता सीता के किरदार में साई पल्लवी, रावण की भूमिका निभा रहे यश, हनुमान बने सनी देओल, लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे रवि दुबे और विभीषण का किरदार निभा रहे विवेक ओबेरॉय सहित कई कलाकार मौजूद रहे। सभी सितारों ने अपने किरदारों को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी।
इवेंट का सबसे भावुक पल तब देखने को मिला जब रणबीर कपूर ने मंच पर पहुंचकर सनी देओल के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। इस दृश्य को दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा और सोशल मीडिया पर इसकी जमकर चर्चा होने लगी।
मंच पर अभिनेता यश ने हिंदी में अपनी बात रखने की कोशिश की। हालांकि बातचीत के दौरान उनसे एक छोटी सी जुबानी गलती हो गई और उन्होंने ‘अवसर’ की जगह ‘अवकाश’ शब्द बोल दिया। उनकी इस मासूम गलती पर पूरा हॉल मुस्कुरा उठा और यश भी हंस पड़े।
कार्यक्रम में मौजूद योग गुरु बाबा रामदेव ने फिल्म के कथित 4000 करोड़ रुपये के बजट का जिक्र करते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि जब उन्होंने पहली बार इतना बड़ा बजट सुना तो उन्हें “समाधि” लग गई। उनकी इस टिप्पणी पर पूरा सभागार ठहाकों से गूंज उठा।
बाबा रामदेव की बात पर प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास ने भी चुटकी लेते हुए कहा, “स्वामी जी, आपका खुद का पतंजलि साम्राज्य तो 2 लाख करोड़ रुपये का है।” इस टिप्पणी पर मंच और सभागार दोनों जगह जोरदार हंसी सुनाई दी।
रणबीर कपूर और साई पल्लवी ने मंच पर जाकर बाबा रामदेव का अभिवादन किया और उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। भारतीय संस्कृति और परंपरा के इस सम्मानजनक दृश्य ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया।
कार्यक्रम के दौरान रणबीर कपूर काला चश्मा पहने नजर आए। उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा, “मैं आप सबसे काला चश्मा पहनने के लिए क्षमा चाहता हूं। मेरी आंखों में इन्फेक्शन है, लेकिन आज इस शुभ अवसर पर मेरे दिल में सिर्फ अफेक्शन यानी प्यार है।” रणबीर की इस बात ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
वहीं, हनुमान की भूमिका निभा रहे सनी देओल ने कहा कि वह स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें बजरंगबली का किरदार निभाने का अवसर मिला। उन्होंने कहा, “मैं वाहेगुरु जी का शुक्रिया करता हूं। हनुमान जी का किरदार निभाना आसान नहीं है, लेकिन मैं पूरी ईमानदारी से इसे निभाने की कोशिश करूंगा। हनुमान जी नटखट, मासूम, शक्तिशाली और भगवान श्रीराम के सबसे बड़े भक्त हैं। उम्मीद है दर्शकों का प्यार हमें जरूर मिलेगा।” फिल्म को लेकर अब देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर के दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

