मेरठ के हस्तिनापुर क्षेत्र में स्कूल संचालक अतुल कुमार की कथित तौर पर सांप से डसवाकर हत्या कराने के मामले ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में गिरफ्तार पत्नी दामिनी जेल पहुंचने के बाद पहली रात बेचैनी में गुजारती रही। सूत्रों के अनुसार वह पूरी रात अपने छह वर्षीय बेटे को याद कर रोती रही और पुलिसकर्मियों से एक बार बेटे से मिलने की गुहार लगाती रही।
पुलिस पूछताछ के दौरान जब अधिकारियों ने दामिनी से पूछा कि उसने अपने पति की हत्या की साजिश कब और कैसे रची, तो वह सवाल सुनते ही चुप हो गई। उसने नजरें झुका लीं और दुपट्टे से अपना चेहरा ढक लिया। पूछताछ के दौरान उसके हाथ पर बना टैटू भी चर्चा का विषय बना, जिस पर ‘अतुल की गुर्जरी’ लिखा हुआ है।
पुलिस के पूछने पर दामिनी ने बताया कि उसने करीब छह वर्ष पहले अपने पति के प्रति प्रेम जताने के लिए यह टैटू बनवाया था। इसी वजह से अब पुलिस यह समझने की कोशिश कर रही है कि आखिर दोनों के रिश्तों में ऐसा क्या हुआ कि मामला कथित हत्या की साजिश तक पहुंच गया।
मामले की पड़ताल के दौरान मीडिया टीम हस्तिनापुर पहुंची और अतुल कुमार, आरोपी दामिनी तथा उसके कथित प्रेमी तुषार पायला के घरों का जायजा लिया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और हर कोई इस वारदात को लेकर हैरानी जता रहा है।
तुषार पायला का घर कृष्णा किड्स स्कूल से करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। पड़ोसियों ने बताया कि तुषार का परिवार वर्ष 1982 से वहीं रह रहा है और इलाके में उसकी छवि अच्छी मानी जाती थी। लोगों का कहना है कि उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा कि उसका नाम ऐसे गंभीर मामले में सामने आ सकता है।
पड़ोसियों के मुताबिक घटना के बाद से तुषार का पूरा परिवार घर छोड़कर चला गया है। घर बंद मिला, जबकि बाहर वही इको वैन खड़ी थी जिससे वह रोज स्कूल के बच्चों को लाने और छोड़ने का काम करता था। घर के अंदर दिल्ली नंबर की एक कार भी खड़ी मिली, जिस पर ‘तुषार पायला, जिलाध्यक्ष गुर्जर संघ’ लिखा था।
इसके बाद मीडिया टीम तुषार के रिश्तेदारों से भी मिली, लेकिन उन्होंने मामले पर कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया। उनका कहना था कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है और वे इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।
दूसरी ओर, दामिनी के मायके पहुंचने पर भी परिवार ने मीडिया से दूरी बनाए रखी। दामिनी के एक रिश्तेदार ने कहा कि शादी के बाद से ही उनका संपर्क कम हो गया था और उन्हें इस पूरे घटनाक्रम के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
बाद में दामिनी के भाई ने मीडिया के सामने बेहद कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि उनके लिए दामिनी अब मर चुकी है। उन्होंने कहा कि अतुल की मौत की सूचना मिलने पर पोस्टमॉर्टम कराने की मांग सबसे पहले उनके परिवार ने ही उठाई थी। उनका कहना था कि दामिनी जेल जाए या उसे जो भी सजा मिले, अब उनका उससे कोई संबंध नहीं है।
उधर, मृतक अतुल कुमार के परिवार ने इस मामले में कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है। अतुल के भाई का कहना है कि यदि जांच में पत्नी दामिनी और उसके कथित प्रेमी की भूमिका साबित होती है तो दोनों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें कानून और न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और सभी पहलुओं के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

