बदायूं में किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार:मुठभेड़ में सिपाही और आरोपी दोनों घायल, अस्पताल में भर्ती

Share on Social Plateforms

बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी परवेज को पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान हुई फायरिंग में एक सिपाही और आरोपी दोनों घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को किशोरी के परिजनों की तहरीर पर आरोपी परवेज निवासी मोहल्ला तकिया के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। एसएसपी के निर्देश पर आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी थी।

देर रात आंवला रोड स्थित कुंवरगांव चौराहे के पास चेकिंग के दौरान आरोपी परवेज को देखा गया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने तमंचे से फायरिंग कर दी। आरोपी द्वारा चलाई गई गोली आरक्षी प्रवेंद्र कुमार के बाएं हाथ में लगी।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी परवेज के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि घायल आरोपी और सिपाही का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। उपचार के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *