यूपी-112 के सिपाही पर शराबियों का हमला, सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें; तीन हिरासत में

Share on Social Plateforms

बदायूं। बिल्सी थाना क्षेत्र में यूपी-112 पर तैनात एक सिपाही के साथ कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से शराब के नशे में मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना रविवार रात करीब 9 बजे तहसील रोड स्थित मोहल्ला संख्या-1 में हुई, जिसमें सिपाही विपिन चौधरी के सिर, चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, यूपी-112 में तैनात कांस्टेबल विपिन चौधरी बिल्सी में किराए के मकान में रहते हैं। रविवार रात करीब 8 बजे ड्यूटी पूरी कर वह अपने आवास लौटे थे। करीब एक घंटे बाद उनके घर के बाहर कुछ लोग कथित रूप से शराब पीते हुए गाली-गलौज कर रहे थे, जिससे आसपास का माहौल बिगड़ गया।

बताया जाता है कि विपिन चौधरी ने बाहर निकलकर युवकों को गाली-गलौज करने से मना किया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि नशे में धुत लोगों ने सिपाही पर हमला बोल दिया। इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई और डंडों से भी प्रहार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

हमले में सिपाही के सिर, चेहरे और कनपटी के पास गंभीर चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह विवाद शांत कराया। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। घायल सिपाही का तत्काल मेडिकल परीक्षण कराया गया।

सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू ने बताया कि घटना के संबंध में चार लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *