एपीएस इंटरनेशनल स्कूल उझानी में अंतरसदनीय खो-खो टूर्नामेंट का फाइनल, खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार खेल कौशल

Share on Social Plateforms

उझानी। एपीएस इंटरनेशनल स्कूल, उझानी में बुधवार, 2 सितंबर 2026 को अंतरसदनीय खो-खो टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबलों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करना रहा।

विद्यालय में गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी अंतरसदनीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस वर्ष खो-खो प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों रेड हाउस, येल्लो हाउस, ग्रीन हाउस और ब्लू हाउस की जूनियर एवं सीनियर टीमों ने प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मैदान पर विद्यार्थियों के बीच बेहतर प्रदर्शन करने के लिए रोमांचक मुकाबले देखने को मिले और खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की व्यवस्थाओं एवं अनुशासन को बनाए रखने में विद्यालय के क्रीड़ा अध्यापकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता के रेफरी के रूप में श्री लवनीश साह और श्री नक्की अहमद ने अपनी भूमिका निभाई तथा मुकाबलों को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री रविन्द्र भट्ट एवं उपप्रधानाचार्या श्रीमती मीनाक्षी शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधानाचार्य के प्रेरणादायक संबोधन के साथ हुआ।

प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि केवल सपने देखने से सफलता प्राप्त नहीं होती, बल्कि इसके लिए मेहनत, संयम और समर्पण जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता विद्यार्थियों के लिए केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि सीखने, आगे बढ़ने और आपसी मित्रता को मजबूत करने का अवसर भी है।

जूनियर गर्ल्स वर्ग के फाइनल में ब्लू हाउस और ग्रीन हाउस के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें ग्रीन हाउस ने 13-6 के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं जूनियर बॉयज के फाइनल मुकाबले में रेड हाउस और ब्लू हाउस आमने-सामने रहे, जिसमें ब्लू हाउस ने 10-9 से बाजी मारी।

सीनियर गर्ल्स वर्ग में येल्लो हाउस और ग्रीन हाउस के बीच फाइनल खेला गया। रोमांचक मुकाबले में ग्रीन हाउस ने 9-8 से जीत हासिल की। वहीं सीनियर बॉयज के फाइनल में येल्लो हाउस और ब्लू हाउस के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें येल्लो हाउस ने 15-14 से जीत दर्ज की।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं उपप्रधानाचार्या ने खिलाड़ियों का परिचय लिया और उनका उत्साहवर्धन किया। सभी प्रतिभागी टीमों के खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी क्षमता के अनुसार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के खेल कौशल, अनुशासन और खेलों के प्रति उत्साह की शानदार झलक देखने को मिली।

फाइनल मुकाबलों के समापन के बाद विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। आयोजन के माध्यम से विद्यालय ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *