बदायूं, 20 जुलाई। शहर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष ओमकार सिंह और शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुन्ना लाल सागर के संयुक्त नेतृत्व में भामाशाह रेलवे पुल के पास धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों ने यातायात निरीक्षक राम सेवक राठौर की मौजूदगी में रोडवेज चौकी प्रभारी आकाश तोमर को तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।
भारी बारिश के बीच आयोजित धरने को संबोधित करते हुए पूर्व जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह ने कहा कि भामाशाह रेलवे पुल की मरम्मत का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, इसलिए इसे बिना देरी आम जनता के आवागमन के लिए खोल दिया जाना चाहिए। उनका कहना था कि पुल शुरू होने से शहर में लगने वाले भीषण जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुन्ना लाल सागर ने आरोप लगाया कि शहर में टेंपो, टिररी और अन्य डग्गामार वाहन जगह-जगह अवैध स्टैंड बनाकर सवारियां भरते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। उन्होंने विशेष रूप से भामाशाह पुलिस लाइन चौराहा, म्याऊं-उसावा मार्ग, कचहरी और उझानी रोड पर बने अवैध स्टैंडों को तत्काल हटाने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि पूर्व की व्यवस्था की तरह डग्गामार वाहनों का संचालन शहर के बाहर से कराया जाए, ताकि मुख्य बाजारों और चौराहों पर जाम की समस्या कम हो सके। इस दौरान शहर कांग्रेस के उपाध्यक्ष हरीश कश्यप, नरेश पाल शर्मा, अकील अहमद खां तथा अल्पसंख्यक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष बन्ने खां सहित अन्य नेताओं ने भी अवैध स्टैंडों पर कार्रवाई की मांग उठाई।
धरना-प्रदर्शन में शहर कांग्रेस महासचिव शमीम खान, जिला सचिव वीरपाल सिंह यादव, धर्मेंद्र कुमार, मिंटू गुप्ता, हसन खान, नेत्रपाल, प्रदीप कुमार गुप्ता, राजपाल, सुरेश कुमार, नरेंद्र प्रताप, मोहन कुमार समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने प्रशासन से शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए शीघ्र प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

