बदायूँ। एचपी इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन की बीबीए छात्रा अवलीन कालरा ने एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में शानदार प्रदर्शन करते हुए बीबीए में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल किया। यह प्रतिष्ठित सम्मान उत्तर प्रदेश के राज्यपाल की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया। अवलीन की इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ-साथ एचपी इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन और बदायूँ का नाम भी गौरवान्वित हुआ है। अवलीन के पिता चरनजीत कालरा ने बेटी की सफलता का श्रेय उसकी मेहनत और संस्थान के शिक्षकों के मार्गदर्शन को देते हुए एचपी इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन का आभार व्यक्त किया।

अवलीन कालरा की इस उल्लेखनीय सफलता पर एचपी इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन के परिसर में उनके और उनके परिवार के स्वागत के लिए भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एचपी ग्रुप के चेयरमैन हर प्रसाद सिंह पटेल, बोर्ड ऑफ डायरेक्टर गजेन्द्र सिंह पटेल, एचपी इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन के डायरेक्टर रजत पटेल और प्रधानाचार्य डॉ. रतिका चावला सहित शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। एचपी ग्रुप के चेयरमैन हर प्रसाद सिंह पटेल ने सभी विद्यार्थियों के सामने अवलीन कालरा को 11 हजार रुपये की नकद राशि और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर चेयरमैन हर प्रसाद सिंह पटेल ने कहा, “अवलीन कालरा की सफलता पूरे संस्थान के लिए गर्व की बात है। उनकी मेहनत ने यह साबित किया है कि लगन, अनुशासन और सही मार्गदर्शन के साथ विद्यार्थी किसी भी ऊंचाई को हासिल कर सकते हैं। हम चाहते हैं कि हमारे संस्थान के अन्य विद्यार्थी भी अवलीन से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें।”

प्रधानाचार्य डॉ. रतिका चावला ने अवलीन को बधाई देते हुए कहा, “यह उपलब्धि अवलीन की निरंतर मेहनत, समर्पण और पढ़ाई के प्रति गंभीरता का परिणाम है। एक शिक्षिका के रूप में मुझे बेहद खुशी है कि हमारे संस्थान की छात्रा ने विश्वविद्यालय स्तर पर सर्वोच्च स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल प्राप्त किया। अवलीन की सफलता हमारे प्रत्येक विद्यार्थी के लिए प्रेरणास्रोत है।” वहीं संस्थान के डायरेक्टर रजत पटेल ने कहा, “एचपी इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर अवसर और सही दिशा प्रदान करना है। अवलीन कालरा ने विश्वविद्यालय में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे संस्थान और बदायूँ का नाम रोशन किया है। हमें विश्वास है कि भविष्य में भी हमारे विद्यार्थी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का गौरव बढ़ाते रहेंगे।“



